5
(3)

नवगछिया के गोपालपुर प्रखंड के ई किसान भवन परिसर में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय खरीफ महोत्सव का आयोजन किया गया। इस महोत्सव का उद्घाटन अनुमंडल कृषि पदाधिकारी नवगछिया, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, और प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।

इस कार्यक्रम में कृषि विश्वविद्यालय सबौर के कृषि वैज्ञानिक डॉ. शंभु प्रसाद (शस्य विभाग), डॉ. प्रिया भार्गव (पौधा रोग), और डॉ. ममता कुमारी (केभीके) ने खरीफ फसल से संबंधित तकनीकी परेशानियों, कीट व्याधि, रोगों से बचाव, और उद्यानिक फसलों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।

प्रखंड कृषि पदाधिकारी अनिल कुमार चौधरी ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी और अनुदानित दर पर संकर मक्का बीज की खेती पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से समय पर कृषि यंत्रीकरण के लिए आवेदन करने और योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

प्रखंड विकास पदाधिकारी गोपालपुर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत ई-केवाईसी जल्द से जल्द करवाने की अपील की, ताकि राशि समय पर किसानों के खाते में पहुंच सके।

किसानों ने भी अपनी समस्याओं को रखा, जिनका समाधान कृषि वैज्ञानिकों और पदाधिकारियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कृषि समन्वयक प्रेम प्रकाश सिंह, दीपक कुमार सिंह, सुबोध कुमार पंडित, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक शुभम प्रियदर्शी, सहायक तकनीकी प्रबंधक रौशन कुमार झा, सलाहकार लेखापाल राकेश कुमार ठाकुर, और कार्यपालक सहायक रंजन कुमार सहित सैकड़ों किसान उपस्थित थे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 3

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: