


नवगछिया : बिना टिकट यात्रा एवं बिना उचित प्राधिकार के यात्रा करने वाले यात्रियों को हतोत्साहित करने के उद्देश्य से सोनपुर मंडल द्वारा सघन टिकट चेकिंग अभियान लगातार जारी है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सही तरीके से यात्रा करने के लिए प्रेरित करना और रेल राजस्व की हानि को रोकना है।
13 सितंबर 2024 को सीनियर डीसीएम श्री रौशन कुमार की मॉनीटरिंग में मंडल के विभिन्न रेल खंडों पर सुबह 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत मंडल से होकर गुजरने वाली सभी ट्रेनों में औचक जांच की गई। इसके अलावा, सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, बेगूसराय, बरौनी, खगड़िया, मानसी और नवगछिया सहित अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी सघन जांच की गई।

अभियान के दौरान एसी कोच, विकलांग और महिला कोचों के साथ-साथ पैंट्री कार और अवैध वेंडरों की भी जांच की गई। इसके साथ ही यात्रियों को एटीवीएम और यूटीएस मोबाइल एप के माध्यम से टिकट खरीदने के प्रति जागरूक किया गया।
इस मेगा टिकट जांच अभियान के दौरान 2,736 बिना टिकट यात्रियों से कुल 12 लाख 43 हजार 925 रुपए जुर्माने सहित वसूले गए।
रेल प्रशासन द्वारा यह स्पष्ट किया गया है कि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के सघन टिकट चेकिंग अभियान चलाए जाएंगे ताकि रेल यात्रियों को बिना टिकट यात्रा करने से रोका जा सके और यात्री सुविधाओं में सुधार किया जा सके।

