


भागलपुर के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र के शाजादपुर मनोहरपुर निवासी और निःसअम्बे पंचायत के उप मुखिया सह यूट्यूबर राजीव कुमार मंडल ने गांव स्थित पुस्तकालय में अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने उन्हें आनन-फानन में मायागंज अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राजीव कुमार मंडल तीन बेटियों और एक बेटे के पिता थे। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन सदमे में हैं और रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतक की पत्नी विनीता ने बताया कि राजीव सुबह घर से निकले थे और पुस्तकालय में रुके थे। जब शाम में उनकी बेटी उन्हें बुलाने गई, तो पुस्तकालय का दरवाजा अंदर से बंद पाया। झांकने पर राजीव फांसी के फंदे से लटके मिले। परिवारवालों ने तुरंत उन्हें फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने के चार घंटे बाद मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।

