


नवगछिया : न्यायपूर्ण और नए बिहार की स्थापना के लिए जनांदोलनों का साझा एलान करते हुए “बदलो बिहार महाजुटान रैली” भाकपा-माले की अगुआई में कल, 2 मार्च को पटना के गांधी मैदान में आयोजित होगी। इस रैली की तैयारी नौगछिया प्रखंड में पूरी कर ली गई है। सामाजिक समरसता, साम्प्रदायिक सद्भाव, अधिकार, सम्मान और न्याय के लिए संघर्षरत विभिन्न तबकों के सैकड़ों लोग, भाकपा-माले के जिला कमिटी सदस्य और इनौस के राज्य सहसचिव गौरीशंकर राय के नेतृत्व में महाजुटान में शामिल होने के लिए पटना रवाना हो गए हैं।

नौगछिया स्टेशन से सैकड़ों लोगों के साथ यात्रा करते हुए कॉमरेड गौरीशंकर राय ने कहा कि पिछले दो दशकों से चल रही भाजपा-जदयू शासन की नीतियों का पूरा चेहरा बेनकाब हो चुका है और अब बिहार बदलाव के कगार पर है। इस संक्रमण के दौर का फायदा उठाकर राज्य में साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण और झूठ के सहारे भाजपा अकेले सत्ता पर कब्जा जमाने की कोशिश कर रही है। बदलो बिहार महाजुटान के जरिए भाकपा-माले, बिहार में बदलाव के संघर्ष को आगे बढ़ाएगा और मजदूरों, किसानों, छात्रों, युवाओं सहित सभी संघर्षशील तबकों की राजनीतिक दावेदारी को मजबूत करेगा।
कॉमरेड राय ने कहा कि 2 मार्च को आयोजित यह महाजुटान वर्षों से अपने हक, सम्मान और न्याय के लिए संघर्ष कर रहे मेहनतकशों के विभिन्न तबकों और हाशिए के समाज के लोगों का वर्गीय समागम होगा। यह महाजुटान बिहार के बदलाव और विकास के लिए संगठित आवाज को बुलंद करेगा और संघर्ष के नए दौर का आगाज करेगा। संविधान और लोकतंत्र विरोधी भाजपा-आरएसएस जैसी शक्तियां बिहार को पीछे की ओर ले जाने के लिए हर संभव प्रयास कर रही हैं, जिनसे मुकाबला करना और इन्हें शिकस्त देना संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि भाकपा-माले का यह कदम बिहार में न्यायपूर्ण और समावेशी बदलाव के लिए साझा जनांदोलनों की नई इबारत लिखेगा, जो राज्य को विकास और सामाजिक न्याय की दिशा में आगे बढ़ाएगा।

प्रस्थान करने वालों में प्रमुख रूप से जिला कमिटी सदस्य कॉमरेड गौरीशंकर राय, रेनू देवी, प्रखंड कमिटी सदस्य राधे श्याम रजक, वकील मंडल, राजेंद्र पंडित, अशोक मंडल, जयप्रकाश शर्मा, मनोज शर्मा, माले नेता त्रिवेणी शर्मा, रामचरण मंडल, बीरबल मंडल, बालेश्वर ठाकुर, सरपंच नीतू देवी, कंचन देवी सहित सैकड़ों महिलाएं और पुरुष शामिल थे।
