

नवगछिया: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शनिवार को नवगछिया नगर परिषद के पार्षद एवं भाजपा महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष चम्पा कुमारी की अध्यक्षता में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को बिहुला नारी गौरव सम्मान से नवाजा गया। कार्यक्रम का संचालन प्राचार्य कंचन कुमारी ने किया।
मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्य इंद्रा कुमारी, हेमलता चौहान, डॉ. मीना कुमारी और रूपम प्रियदर्शनी ने महिलाओं को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र से सम्मानित किया। इस कार्यक्रम में कुल 40 महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिनमें समाजसेवी महिलाएं, शिक्षिकाएं, स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी महिलाएं, आत्मनिर्भर महिलाएं, महिला सफाईकर्मी, धार्मिक एवं आध्यात्मिक क्षेत्र में कार्य करने वाली महिलाएं, और सोशल मीडिया पर अपनी पहचान बनाने वाली महिलाएं शामिल थीं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाएं काफी उत्साहित नजर आईं और उन्होंने महिला दिवस के अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। पार्षद चम्पा कुमारी ने बताया कि बिहुला नारी गौरव सम्मान के तहत महिलाओं को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि नवगछिया की महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में सक्रिय हैं और खेल, कला, शिक्षा में अपनी पहचान बनाकर नवगछिया का मान बढ़ाती हैं।
शिक्षिका हेमलता चौहान ने कहा, “मैं उत्तर प्रदेश की रहने वाली हूं, लेकिन बिहार की महिलाएं काफी सजग और सक्रिय हैं। इनकी सक्रियता से हमें बहुत कुछ सीखने का मौका मिलता है।”
इस सम्मान समारोह में कई महिलाओं ने अपने कार्यों के प्रति गर्व और समर्पण जताया, जो समाज में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं।