


पांच घायल, गंभीर हालत में दो रेफर
अज्ञात हाइवा चालक के विरुद्ध केस दर्ज
नवगछिया। रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 31 चापर ढाला के समीप रविवार सुबह करीब 08 बजे तेज रफ्तार हाइवा ने यात्रियों से भरी टोटो (ई-रिक्शा) को पीछे से जोरदार धक्का मार दिया। हादसे में टोटो सवार एक महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि टोटो चालक समेत पाँच यात्री गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मृतक महिला रंगरा थाना क्षेत्र के चापर निवासी उषा देवी पति कोंकण मंडल उम्र 50 वर्ष बताई गई। वही सभी घायल रंगरा के चापर व अन्य गांव के रहने वाले बताया गया। घटना की सूचना मिलते ही रंगरा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को उठाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रंगरा में भर्ती कराया। वही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया। उधर रंगरा सरकारी अस्पताल में डॉक्टर ने घायल सभी का प्राथमिक उपचार किया।

वही गंभीर रूप से घायल दो यात्री को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद चालक हाइवा लेकर भागने में सफल रहा।
मिली जानकारी के अनुसार मृतका उषा देवी अपने पति को खाने पहुंचाने कोसी पार बहियार जा रही थी। मृतका का पति कोंकण मंडल कुर्सेला बहियार में खेत सिंचाई कर रहा था। घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर एनएच 31 चापर चौक पर टोटो पर सवार हुई। कुछ ही दूर आगे बढ़ी तभी पीछे से रंगरा चौक की तरफ से तेज रफ्तार हाइवा ने सामने से सीधा टक्कर मार दिया और नवगछिया की ओर भाग निकला। रंगरा थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने कहा, दो वाहनों की टक्कर में घटना हुई है। मृतका के पति कोंकण मंडल के लिखित आवेंदन पर अज्ञात हाइवा चालक के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अग्रतर कार्यवाई कर रही है।

मृतका के घर मचा कोहराम
इधर मृतक उषा देवी के घर जानकारी मिलते ही घरवालों में कोहराम मच गया। पति कोंकण मंडल समेत पुत्री का रोरोकर बुरा हाल है। पति मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। मृतका को तीन पुत्री व एक पुत्र है। दो पुत्री चांदनी देवी, सावित्री देवी विवाहित व एक पुत्र डब्लू कुमार पुत्री मुस्कान कुमारी अविवाहित है। पुत्र बाहर मजदूरी करता है। घटना की सूचना पाकर घर के लिए निकल चुका है।
