


नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बाबू टोला कमला कुंड गांव निवासी अशोक यादव के 35 वर्षीय पुत्र हाकिम यादव की मौत लुधियाना में फैक्ट्री गिरने से हो गई। 7 मार्च को फैक्ट्री में काम के दौरान अचानक भवन गिर गया, जिसमें हाकिम मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। स्थानीय प्रशासन ने उसे मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान गुरुवार को उसकी मौत हो गई।

घटना की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। मृतक की पत्नी हेमा देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाकिम दो-तीन महीने पहले अपने साथियों के साथ लुधियाना गया था। वह काफी मेहनती युवक था।
पूर्व पंचायत समिति सदस्य अंबुज यादव, दीवाना कुमार सहित ग्रामीणों ने बताया कि इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक के शव को गांव लाने की प्रक्रिया चल रही है।
