0
(0)

भागलपुर। शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब डीजे की तेज धुन पर झूमते दूल्हे के भाई को अपराधियों ने गोली मार दी। यह दर्दनाक घटना भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल मायागंज के इमरजेंसी वार्ड से सामने आई है, जहां गोली से घायल 15 वर्षीय किशोर जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।

घटना मुंगेर जिला अंतर्गत तारापुर प्रखंड के गाजीपुर गांव की है। 19 अप्रैल की रात लगभग 11:30 बजे एक शादी समारोह में डीजे की तेज आवाज पर लोग डांस कर रहे थे। अचानक एक तेज धमाका हुआ और देखा गया कि मोहम्मद जमशेद का 15 वर्षीय पुत्र मोहम्मद कैफ खून से लथपथ ज़मीन पर गिर पड़ा। उसके पेट में गोली लगी थी।

डीजे की आवाज इतनी तेज थी कि किसी को गोली चलने की आवाज तक सुनाई नहीं दी। आसपास के लोग समझ ही नहीं पाए कि अचानक क्या हुआ। घायल मोहम्मद कैफ को पहले तारापुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल वह इमरजेंसी वार्ड में भर्ती है और उसके पेट में गोली फंसी हुई है।

घायल मोहम्मद कैफ ने बताया कि वह अपने भाई की बारात में डीजे पर डांस कर रहा था, तभी किसी ने उसे गोली मार दी। उसने यह भी कहा कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है और ना ही उसने किसी को गोली चलाते हुए देखा।

परिजनों के अनुसार, मोहम्मद कैफ इस बार बोर्ड परीक्षा पास कर अपने चाचा के साथ इलेक्ट्रॉनिक सामान मरम्मत का काम सीख रहा था। उसके पिता मोहम्मद जमशेद किसी दुकान में मजदूरी कर परिवार चलाते हैं।

इस घटना के बाद शादी का माहौल गम में बदल गया है। गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन अब तक गोली चलाने वाले की पहचान नहीं हो सकी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: