


भागलपुर। भागलपुर जिले के विभिन्न प्रखंडों में आयोजित ‘महिला संवाद’ कार्यक्रम से महिलाओं की आवाज बुलंद हो रही है। गांव-गांव में हो रहे इस आयोजन में महिलाएं न केवल अपने अनुभव साझा कर रही हैं, बल्कि गांव के विकास की नई तस्वीर भी सामने रख रही हैं।
महिला संवाद का आयोजन जिले के 30 जीविका महिला ग्राम संगठनों में किया गया, जिसमें जीविका दीदियों के साथ-साथ गांव की अन्य महिलाएं भी बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही हैं। महिलाओं ने बताया कि सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर उन्होंने अपने परिवार को सशक्त किया है और समाज में नई पहचान बनाई है।

महिलाओं ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण की दिशा में किए गए कार्यों का ही नतीजा है कि पहले चारदीवारी में सिमटी महिलाएं अब खुले आसमान में उड़ान भरने को तैयार हैं।
कार्यक्रम में कई महिलाओं ने योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर सुझाव भी दिए। संवाद के माध्यम से सरकार यह जानने का प्रयास कर रही है कि जमीनी स्तर पर महिलाओं की जरूरतें क्या हैं और कैसे नीति निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।

सन्हौला प्रखंड की लक्ष्मी देवी ने बताया कि बिहार सरकार की सतत जीविकोपार्जन योजना ने उनकी जिंदगी बदल दी। पहले वह आर्थिक तंगी से जूझ रही थीं, लेकिन आज वह अपने छोटे उद्यम से न केवल आत्मनिर्भर हैं, बल्कि अपनी बेटियों को भी उच्च शिक्षा दिला रही हैं।
महिला संवाद कार्यक्रम से यह स्पष्ट हो रहा है कि महिलाएं अब सिर्फ बदलाव की प्रतीक्षा नहीं कर रहीं, बल्कि खुद बदलाव की धुरी बन रही हैं।
