


भागलपुर। राज्य के विकास को लेकर महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों में चल रहे महिला संवाद कार्यक्रम में भारी संख्या में महिलाएं जुट रही हैं। जीविका महिला ग्राम संगठन स्तर पर आयोजित इस संवाद में अब तक 225 ग्राम संगठनों में कार्यक्रम संपन्न हो चुका है, जिसमें 50 हजार से अधिक महिलाएं सक्रिय रूप से हिस्सा ले चुकी हैं।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के विचारों को जानना और उन्हें राज्य की विकास प्रक्रिया में सहभागी बनाना है। संवाद में भाग लेने वाली महिलाएं सरकार की योजनाओं से मिले लाभों को साझा कर रही हैं और भविष्य की जरूरतों पर भी खुलकर चर्चा कर रही हैं।

महिलाओं की मांगों में गांवों में गुणवत्तापूर्ण स्कूल, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, खेल मैदान, प्रखंड स्तर पर स्नातक कॉलेज और रोजगार हेतु स्थानीय उद्योग-धंधों का विकास प्रमुख हैं। महिलाएं चाहती हैं कि राज्य की नीतियों में उन्हें प्राथमिकता मिले और विकास की योजनाओं में उनकी सक्रिय भागीदारी हो।
कार्यक्रम के दौरान वीडियो फिल्मों के माध्यम से महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उनकी राय और आकांक्षाओं को ऑनलाइन दर्ज किया जा रहा है, जिससे नीतिगत बदलावों में इसे शामिल किया जा सके।

महिला संवाद कार्यक्रम सरकार की दूरदर्शिता का प्रतीक बन चुका है, जिसमें जन आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए नई नीतियों का खाका तैयार किया जा रहा है।
