

भागलपुर के मायागंज अस्पताल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पूर्णिया की रहने वाली 55 वर्षीय अधेड़ महिला अनीता देवी की पड़ोसियों से विवाद के कारण घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतिका अनीता देवी का बस इतना कसूर था कि उसने पड़ोसियों को बांस काटने से मना किया था। इस बात से गुस्साए पड़ोसियों ने उन पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल अनीता देवी को तत्काल भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल मायागंज लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी आज तड़के सुबह लगभग 5 बजे मौत हो गई।

मृतिका के पुत्र किशोर शाह ने बताया कि राजेंद्र शाह, मनोज शाह, पप्पू शाह एवं उनके परिवार ने मिलकर उनकी मां की हत्या कर दी। उन्होंने कहा, “यह कहीं से सही नहीं है। मुझे न्याय चाहिए। मेरी मां ने बस बांस काटने से मना किया था, और इन लोगों ने उन्हें मौत के घाट उतार दिया।”

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद से आक्रोश व्याप्त है और वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।