0
(0)

जल संसाधन मंत्री ने बिहार विधानसभा में कहा, गंगा नदी के कटाव से सुरक्षा के लिए जल संसाधन विभाग तत्पर

भागलपुर जिले में गंगा नदी की बाढ़ एवं कटाव से सुरक्षा के लिए जल संसाधन विभाग तत्परता से कार्य करा रहा है। इस वर्ष बाढ़ अवधि से पहले जिले के सबौर प्रखंड में इंगलिश फरका गांव की कटाव से सुरक्षा के लिए दो स्थानों पर कटाव निरोधक कार्य कराया जाना है। यह जानकारी बिहार विधानसभा में मंगलवार को जल संसाधन मंत्री श्री संजय कुमार झा ने भागलपुर जिले के सबौर प्रखंड में गंगा नदी से कटाव के संबंध में विधायक श्री अजीत शर्मा द्वारा पूछे गये सवाल के जवाब में दी।


जल संसाधन मंत्री ने बताया कि सबौर प्रखंड अंतर्गत बाबूपुर मोड़ से शंकरपुर सड़क में ग्राम इंग्लिश और फरका में बाढ़ अवधि 2022 में गंगा नदी से कटाव दर्ज किया गया था। हालांकि जल संसाधन विभाग द्वारा त्वरित गति से बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराकर स्थल को सुरक्षित कर लिया गया था। वर्तमान में शेष भाग में कटाव परिलक्षित नहीं हो रहा है।
विधानसभा से इतर श्री संजय झा बताया कि इस साल की बाढ़ अवधि से पहले बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल नवगछिया के अधीन इस्माईलपुर-बिन्दटोली तटबंध के स्पर संख्या-06 एन के अपस्ट्रीम.

में, इसी तटबंध के स्पर संख्या-01 के डाउस्ट्रीम में, स्पर संख्या-05 एवं 09 के डाउनस्ट्रीम के बीच भी कटाव निरोधक कार्य कराया जाना है। इसके अलावा काजीकोरिया-राघोपुर मार्जिनल बांध के सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। उधर, रंगरा प्रखंड के ज्ञानीदास टोला एवं झल्लूदास टोला की सुरक्षा के लिए भी बाढ़ 2023 से पूर्व कटाव निरोधक कार्य की योजना बनाने का कार्य प्रक्रियाधीन है। इसके अलावा बाढ़ अवधि में संवेदनशील स्थलों पर कटाव परिलक्षित होने पर बाढ़ संघर्षात्मक कार्य कराकर स्थल को सुरक्षित किया जाएगा।

भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज की कटाव से सुरक्षा के लिए जल संसाधन विभाग तत्पर : संजय कुमार झा

जल संसाधन मंत्री ने बिहार विधानसभा में दी जानकारी

भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज, भागलपुर से अठगामा के बीच गंगा नदी के कटाव से सुरक्षा के लिए जल संसाधन विभाग तत्पर है। इसके लिए बाढ़ सीजन 2022 से पहले ग्राम इंग्लिश में 900 मीटर लंबाई में कटाव निरोधक कार्य कराया गया था। तकनीकी सलाहकार समिति से प्राप्त अनुशंसा के आधार पर बाढ़ सीजन 2023 से पूर्व भी भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज के निकट 135 मीटर लंबाई में और ग्राम इंगलिश एवं फरका में क्रमश: 740 मीटर और 500 मीटर लंबाई में कटाव निरोधक कार्य कराया जा रहा है। इन कार्यों को 15 मई 2023 से पहले पूरा कर लिया जाएगा।

यह जानकारी बिहार विधानसभा में जल संसाधन मंत्री श्री संजय कुमार झा ने विधायक श्री अली अशरफ सिद्दकी द्वारा भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज से अठगामा के बीच गंगा नदी से कटाव से संबंधित सवाल के जवाब में दी।
श्री संजय कुमार झा ने बताया कि प्रश्नगत स्थल पर वर्तमान में कोई कटाव परिलक्षित नहीं हुआ है। बाढ़ अवधि में विभाग के अधीन आने वाले सभी तटबंधों की सुरक्षा के लिए विभाग द्वारा तत्परता से कार्य किये जाते हैं। इसके लिए बाढ़ अवधि से पहले तटबंधों के संवेदनशील स्थलों से उचित दूरी पर बाढ़ संघर्षात्मक सामग्रियों का पर्याप्त भंडारण किया जाता है। अति संवेदनशील स्थलों पर विभिन्न भारी मशीनों के अलावा पोर्टेबल जेनरेटर, हैलोजन लाईट, खाली सीमेंट बैग, नायलन क्रेट, जीयो बैग इत्यादि से सुसज्जित मोबाइल एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाती है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: