

भागलपुर | लोदीपुर थाना क्षेत्र के तबलपुर उत्क्रमित विद्यालय के पास जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना में एक पक्ष से महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

जमीन विवाद बना झगड़े की वजह
जानकारी के अनुसार, झुना देवी ने बीते साल नरेश मंडल की जमीन खरीदी थी, लेकिन पड़ोस के ही अरविंद मंडल सहित पांच लोगों ने उस पर कब्जा कर रखा था। जब झुना देवी का परिवार साफ-सफाई करने पहुंचा, तो उन पर हमला कर दिया गया।
घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल
हमले में करण कुमार (28), झुना देवी (52), संतोष कुमार (35), उर्मिला देवी (22) और जागेश्वर तांती (56) गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल करण कुमार ने बताया कि उनके घर के पीछे की जमीन नरेश मंडल से खरीदी गई थी, लेकिन अरविंद मंडल और उनके परिवार के लोग वहां रहने नहीं दे रहे थे। अरविंद मंडल का दावा था कि यह जमीन उनकी है। इसको लेकर 2018 में कोर्ट में केस चला था, जिसमें फैसला करण कुमार के पक्ष में आया था।
हमले में घर भी उजाड़ा
करण कुमार के अनुसार, जब वे पक्के मकान के लिए जमीन की सफाई कर रहे थे, तभी अरविंद मंडल, मनोज मंडल, राकेश मंडल, मुन्ना मंडल और परवीन मंडल सहित करीब 10 लोगों ने डंडों से हमला कर दिया। उनके घर को भी तोड़ दिया गया और बर्तन समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त कर दिया गया। हमलावरों ने घर में खाना तक नहीं बनाने दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस दोनों पक्षों से बयान दर्ज कर रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।