5
(2)

नवगछिया के इस्माईलपुर के शिव मंदिर टोला में देर रात घटी घटना, शादी टली

पीरपैंती से परबत्ता शिवमंदिर टोला आई थी बारात

नवगछिया: नवगछिया पुलिस जिला के इस्माईलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत परबत्ता पंचायत वार्ड संख्या-15, शिव मंदिर टोला में रविवार/सोमवार रात करीब दो बजे एक शादी समारोह में दूल्हे की गाड़ी को पंडाल तक ले जाने को लेकर हुए विवाद में बारात और सारात पक्ष के बीच मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने देशी कट्टा से आकाशीय फायरिंग शुरू कर दी। दूल्हे के मौसा ने जब युवक को समझाने की कोशिश की, तो उसने सामने से गोली चला दी। गोली दूल्हे के मौसा के सिर में लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कहलगांव थाना क्षेत्र के आमापुर निवासी बिनोद मंडल पिता शोभन मंडल उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई ।

घटना के बाद अफरातफरी का माहौल हो गया। ग्रामीण और बाराती सन्न रह गए। बारातियों ने घटना की सूचना डायल 112 टीम को दी। सूचना मिलते ही इस्माईलपुर थानाध्यक्ष अमोद कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही के बाद शव को कब्जे में लेकर दिन के 10 बजे पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया जहां नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल से डॉक्टर ने सिर में गोली फंसने के कारण शव को मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर कर दिया, जहां शाम में शव का पोस्टमार्टम हुआ।

वहीं बारात पक्ष से मिली जानकारी के अनुसार भागलपुर जिले के पीरपैंती थाना क्षेत्र के मोहनपुर गोविंदपुर निवासी स्व. गोरेलाल मंडल के पुत्र दीपक कुमार की शादी परबत्ता वार्ड संख्या 15 शिव मंदिर टोला निवासी अर्जुन मंडल की पुत्री पिंकी कुमारी से होने वाली थी। रविवार शाम छह बजे बारात पीरपैंती से परबत्ता के लिए निकली। रात करीब 11 बजे बारात परबत्ता पहुंची, जहां ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। चाय-नाश्ते के बाद जनबासा से डीजे की धुन पर नाचते-झूमते बारात विवाह स्थल पंडाल की ओर बढ़ रही थी। विवाह स्थल पहुंचने से कुछ दूरी पर दूल्हे की गाड़ी के चालक ने सड़क संकरी होने के कारण पंडाल तक गाड़ी ले जाने से मना कर दिया। सारात पक्ष ने दूल्हे की गाड़ी पंडाल तक जाने की जिद्द की, जिससे विवाद बढ़ गया।

इसी बीच लड़की के फुफेरे भाई, इस्माइलपुर नवटोलिया निवासी साजन कुमार, पिता खंती मंडल ने कमर से देशी कट्टा निकालकर आकाशीय फायरिंग शुरू कर दी। दूल्हे के मौसा बिनोद मंडल ने युवक को समझाने का प्रयास किया, जिसपर साजन कुमार ने गुस्से में बिनोद मंडल के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही बिनोद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मौके पर तीन चक्र गोलीबारी की बात कही जा रही है।

घटना के बाद लड़की के घर में कोहराम मच गया और दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। शादी रुक गई। लड़की के घरवालों ने दूल्हे को सुरक्षित घर पर रखा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों ने घटना पर दुख प्रकट किया और इस शादी को संपन्न कराने पर विचार किया जा रहा था।

दूल्हा दीपक कुमार के बयान पर इस्माइलपुर थाना में हत्या का केस दर्ज कराया गया, जिसमें लड़की के फुफेरे भाई साजन कुमार और फूफा खंती मंडल को नामजद किया गया है। थानाध्यक्ष अमोद कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अभियुक्त फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: