

सुनील छैला बिहारी ने अपनी मखमली आवाज से वर्तमान राजनीति पर किया करारा प्रहार, कहा- बिहार के युवाओं को मिले अपने बिहार में ही काम
भागलपुर। जन सुराज पार्टी द्वारा “युवा बिहार उद्घोष यात्रा” का शुभारंभ आज अंगिका की धरती भागलपुर जिला से रानी तालाब स्थित जिला कार्यालय में भोजपुरी और अंगिका के प्रसिद्ध गायक सुनील सिंह उर्फ छैला बिहारी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और राष्ट्रगान से की गई। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य बिहार की राजनीति में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें मुख्य धारा से जोड़ना है।

“युवा बिहार उद्घोष यात्रा” के तहत कोसी सीमांचल, भागलपुर, बांका और मुंगेर जिलों को एक भाग के रूप में रखा गया है। यात्रा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आने वाले समय में बिहार की राजनीति में युवाओं की प्रभावी भूमिका हो।
इस कार्यक्रम के दौरान जन सुराज पार्टी के भागलपुर इकाई के अलावा कई जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। प्रेस वार्ता में भागलपुर के जिला सचिव सह राज्य कार्यकारी समिति सदस्य (युवा), सरदार हर्षप्रीत सिंह ने इस यात्रा के उद्देश्य और कार्यक्रम की जानकारी दी।

प्रसिद्ध गायक सुनील छैला बिहारी ने इस मौके पर कहा, “आज का युवा ही देश का भविष्य है, और वही इसे विकसित कर सकता है। युवाओं को हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ानी चाहिए ताकि बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से निपटा जा सके।” इसके साथ ही उन्होंने वर्तमान राजनीति पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बिहार के युवाओं को बाहर नहीं, बल्कि अपने राज्य में ही रोजगार मिलना चाहिए।