


फसल की सुरक्षा के लिए सैकड़ो किसानों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन भागलपुर डीएफओ को सौंपा
नवगछिया। बिहपुर और ख़रीक प्रखंड क्षेत्र के बहियारों में इन दिनों नीलगायों ने खूब आतंक मचा रखा है। सैकड़ो की संख्या में नीलगायों का झुंड फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। जिससे किसानों को भारी क्षति हो रही है। इससे इलाके के किसान परेशान व चिंतित हैं। बिहपुर प्रखंड क्षेत्र के बभनगामा, अमरपुर, लत्तीपुर, गौरीपुर, भगवतीपुर, करहरु, सोनवर्षा, झंडापुर, नवटोलिया, दयालपुर ख़रीक के तेलघी, अंभो आदि बहियारो में नीलगायों का झुंड गेहूं, मकई, सरसों, केला, लीची के सैकड़ो एकड़ फसल को पूरी तरह बर्बाद कर रहा है। नीलगायों से फसलों को बचाने के लिए किसानों ने अपने स्तर से प्रयास किया लेकिन सफल नही हो सके। किसान राजीव सनगही, मो मुस्ताक आलम, अजय मिश्रा, नीरज कुमार ठाकुर,

संजय कुमार चौधरी, शंभु ठाकुर आदि किसानों ने बताया कि कई बार स्थानीय प्रशासन से लेकर जिलास्तर के पदाधिकारियों को आवेदन देकर फसल की सुरक्षा के लिए गुहार लगाया लेकिन किसी ने किसानों की इस समस्या पर ध्यान नही दिया। मामले को लेकर सोमवार को बिहार राज्य किसान सभा के जिला संयोजक भागलपुर निरंजन चौधरी एवं सैकड़ो किसानों के हस्ताक्षरयुक्त आवेंदन भागलपुर डीएफओ को उनके कार्यालय में सौंपा और सामाधान के लिए गुहार लगाया। किसान नेता निरंजन चौधरी ने बताया की वर्ष 2014 में नीलगायों को मारने पर रोक लगने के बाद नीलगायों की संख्या में बेतहासा बढ़ोतरी होने से किसानों के लिए गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। जबकि बिहार सरकार के द्वारा सभी पंचायत के मुखिया को पत्र के माध्यम से इस समस्या पर कार्यवाई का आदेश दिया है। इसके बावजूद मुखिया इस ओर ध्यान नही दे रहे हैं। इस संबंध में भागलपुर डीएफओ से संपर्क असफल रहा।

