

भागलपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 24 फरवरी को होने वाली आम जनसभा और किसानों के साथ संवाद के आयोजन की तैयारियाँ जोरों पर हैं। इसी बीच, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल और जनता दल यूनाइटेड के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने प्रेस वार्ता आयोजित कर लोगों से ज्यादा से ज्यादा भीड़ जुटाने की अपील की।
वहीं इस दौरान एक अनोखी घटना सामने आई, जब भागलपुर के कांग्रेस कार्यकर्ता और रंगकर्मी नाटककार विजय कुमार झा गांधी ने कांग्रेस से असंतोष व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया।

विजय झा गांधी ने कहा कि वह अपने जीवनभर गांधी विचारों पर चलकर कांग्रेस पार्टी के विचारधाराओं को आगे बढ़ाते रहे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि कांग्रेस पार्टी उनके विचारों से सहमत नहीं है।
भा.ज.पा. प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने विजय कुमार झा गांधी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी उनके विचारों को सम्मान देती है और उन्हें स्वतंत्र रूप से अपने विचारों को जीने का अवसर प्रदान करेगी।

वहीं, विजय झा गांधी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी में उन्हें सम्मान नहीं मिल रहा था। अपने गांधी विचारों को बचाने और सम्मान की प्राप्ति के लिए उन्हें भाजपा में शामिल होना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वह काफी प्रभावित हैं और उन्हें उम्मीद है कि भारतीय जनता पार्टी उनके विचारों और भावनाओं को सही मायनों में समझेगी।