

भागलपुर : दिल्ली स्टेशन पर हुई भगदड़ के बाद भागलपुर से आनंद विहार जाने वाली विक्रमशीला एक्सप्रेस को अचानक रद्द कर दिया गया है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भागलपुर से आनंद विहार जाने वाली 12367 अप और आनंद विहार से भागलपुर आने वाली 12368 डाउन दोनों ट्रेनों को आज रद्द कर दिया गया है। यात्री मायूस होकर लौट रहे हैं और उनमें आक्रोश भी है।

दूर-दराज से आने वाले यात्री खासतौर पर परेशान हैं। रेलवे ने भगदड़ के बाद ट्रेनों को रद्द कर दिया है, जिससे यात्रियों की परेशानियाँ और बढ़ गई हैं। अब यह सवाल उठ रहा है कि जिस दिन ये ट्रेन फिर से चलेंगी, उस दिन भीड़ को संभालना रेलवे के लिए बड़ी चुनौती होगी। स्टेशन पर यात्रियों को अनाउंसमेंट किया जा रहा है कि “यात्रियों की असुविधा के लिए हमें खेद है”, लेकिन क्या सिर्फ खेद प्रकट करने से प्रबंधन सुधार जाएगा

यात्री सवाल कर रहे हैं कि क्या नाकामी को छुपाने के लिए ट्रेनों को कैंसिल किया जाता है? क्या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए जा सकते थे ताकि आज ट्रेनों का संचालन जारी रखा जाता? इसके अलावा, जिन यात्रियों के परिवार के लोग दुर्घटना में मारे गए हैं, उन्हें उनका अंतिम दर्शन कैसे होगा, अगर ट्रेनें ही नहीं चलेंगी?