

भागलपुर। जिला दिव्यांग सशक्तिकरण कोषांग द्वारा जानकारी दी गई है कि भागलपुर जिले में कुल 65,329 दिव्यांगजन हैं। इन सभी दिव्यांगजनों के लिए यू डी आई डी कार्ड बनवाना अनिवार्य किया गया है। अब तक 21,485 (33%) दिव्यांगजनों का यू डी आई डी कार्ड तैयार हो चुका है, जबकि शेष 43,844 दिव्यांगजनों का कार्ड बनवाना अभी बाकी है। इसके लिए पंजीकरण WWW.SWAWALAMBANCARD.GOV.IN पर किया जा रहा है।

दिव्यांगजनों से अनुरोध किया गया है कि वे जल्द से जल्द अपना यू डी आई डी कार्ड बनवाएं, क्योंकि इसके बिना उन्हें पेंशन और सहायक उपकरण जैसे लाभों से वंचित किया जा सकता है। लाभों से वंचित होने से बचने के लिए सभी दिव्यांगजन अपना यू डी आई डी कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें।
इस प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी या कार्ड बनवाने के लिए दिव्यांगजन सिविल सर्जन सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी कार्यालय, सदर अस्पताल, भागलपुर में संपर्क कर सकते हैं।