


भागलपुर जिले के लिए एक गर्व का क्षण सामने आया है। गोसाईंगांव के लाल और वर्तमान में प्राथमिक कन्या विद्यालय मानिकपुर (नगर निगम भागलपुर) में कार्यरत शिक्षक अमरनाथ झा का चयन गणित विषय के SOP (Standard Operating Procedure) संवर्धन हेतु राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) पटना द्वारा किया गया है।
विद्यालय, संकुल, प्रखंड और जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद, भागलपुर प्रमंडल (भागलपुर एवं बांका) से राज्य स्तर पर चुने जाने वाले इकलौते शिक्षक बनना श्री झा के लिए गौरव की बात है।

ग्रामवासियों ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई और इसे गांव तथा जिले के लिए सम्मान की बात बताया। श्री झा पहले भी TLM (Teaching Learning Material) के क्षेत्र में कई उपलब्धियाँ हासिल कर अपने गांव और जिले का नाम रोशन कर चुके हैं।
हमारे संवाददाता से बातचीत में श्री अमरनाथ झा ने कहा, “यह उपलब्धि हमारे छात्र-छात्राओं की देन है। वे ही हमारे प्रेरणा स्रोत हैं। हमारी ज्ञान शक्ति इन्हीं नौनिहालों के भविष्य निर्माण के लिए समर्पित है।”
उनके चयन से न केवल भागलपुर जिला, बल्कि संपूर्ण प्रमंडल का भी सम्मान बढ़ा है।
