

भागलपुर केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ द्वारा 9 और 10 मार्च को इंद्रधनुष श्री निशान शोभा यात्रा सह श्री श्याम महोत्सव 2025 का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत 9 मार्च को मेहंदी उत्सव का आयोजन होगा, जबकि 10 मार्च को सुबह उद्घाटन समारोह के बाद निशान शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद महाप्रसाद, भजन संध्या और छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा।

इस आयोजन को लेकर आज एक विशेष प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, भव्य निशान शोभा यात्रा और समाज में विशिष्ट योगदान देने वाले 10 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को सम्मानित किए जाने की जानकारी दी गई।
गौरतलब है कि इस महोत्सव के दौरान झारखंड के गोड्डा, नारायणपुर, नवगछिया, सुल्तानगंज, नाथनगर और भागलपुर के अन्य क्षेत्रों से श्याम भक्त अपने-अपने क्षेत्रों से पैदल निशान यात्रा निकालेंगे और श्याम बाबा मंदिर में निशान अर्पित करेंगे।

प्रेस वार्ता में यह भी बताया गया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जलपान, अल्पाहार और महाप्रसाद वितरण के साथ-साथ चिकित्सा सहायता भी उपलब्ध रहेगी। निशान यात्रा के दौरान मार्ग सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन और चिकित्सा व्यवस्था के लिए सिविल सर्जन भागलपुर तथा नगर निगम से साफ-सफाई के लिए अनुरोध किया गया है।
इस आयोजन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 10 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी केंद्रीय रेलवे रेलयात्री संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विष्णु खेतान ने दी। प्रेस वार्ता में मनोज बुधिया, प्रकाश गोयनका, सुनीता अग्रवाल, राजेश टंडन, सुमन सिंह सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
