


बाल भारती पोस्ट ऑफिस रोड के प्रशाल में हुआ कार्यक्रम का आयोजन
नवगछिया, बाल भारती पोस्ट ऑफिस के प्रशाल में बाल भारती और लायंस क्लब ऑफ नवगछिया टाउन द्वारा संयुक्त रूप से एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह का उद्देश्य जनवरी माह में दिल्ली में आयोजित खो-खो विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली और भारत को विश्व विजेता बनाने में अहम भूमिका निभाने वाली नवगछिया के डीमाहा गांव की बेटी मोनिका को सम्मानित करना था।
समारोह की शुरुआत लायंस क्लब नवगछिया टाउन के अध्यक्ष विनोद चिरानिया द्वारा लायंस विश्व शांति प्रार्थना के साथ की गई। इस दौरान विद्यालय के प्रशासक डी पी सिंह ने मोनिका और समारोह में उपस्थित अन्य पदाधिकारीगण तथा नागरिकों का गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय टीम में चयनित होना और फिर विश्व कप में जीत हासिल करना एक ऐसी उपलब्धि है जिसे नवगछिया के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा।

बाल भारती प्रबंधन समिति के अध्यक्ष और लायंस क्लब ऑफ नवगछिया के डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन पवन कुमार सर्राफ ने कहा कि मोनिका की यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं है, बल्कि यह पूरे नवगछिया अनुमंडल और पूरे बिहार राज्य का गौरव है। उन्होंने मोनिका के संघर्ष और समर्पण की सराहना की और इसे युवाओं के लिए एक प्रेरणा माना।
विद्यालय के उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा ने कहा कि मोनिका ने साबित कर दिया कि आजकल के युवा खेलों में भी अपनी पहचान बना सकते हैं और यह एक बड़ी उपलब्धि है। विद्यालय के प्राचार्य नवनीत सिंह ने छात्रों और छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस तरह की उपलब्धियां हमें यह सिखाती हैं कि खेलों के प्रति समर्पण और मेहनत से भी उज्जवल भविष्य संभव है।
खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव यादव ने मोनिका को बधाई दी और उन्हें नवगछिया का नाम रोशन करने के लिए धन्यवाद दिया। लायंस क्लब नवगछिया टाउन के सचिव और बाल भारती प्रबंधन समिति के संयुक्त सचिव प्रवीण कुमार केजरीवाल ने खेल के साथ-साथ पढ़ाई के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सफलता प्राप्त की जा सकती है, यह मोनिका की कहानी का सबसे बड़ा संदेश है।

समारोह में मोनिका को सम्मानित करने के लिए बाल भारती विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष पवन कुमार सर्राफ, उपाध्यक्ष अजय कुमार रुंगटा, खेल संघ के अध्यक्ष रामदेव यादव, लायंस क्लब के अध्यक्ष विनोद चिरानिया, बाल भारती के सचिव अभय प्रकाश मुनका और अन्य प्रमुख सदस्य मौजूद थे। मोनिका को अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, बाल भारती की ओर से मोनिका को 11,000 रुपये की सम्मान राशि भी दी गई।
इस अवसर पर मोनिका के माता-पिता, जुदा देवी और विनोद साह को भी अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, ताइक्वांडो के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी जेम्स फाइटर, बिहार महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी अंजलि और बॉल बैडमिंटन खिलाड़ी प्रज्ञा भारती को भी अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में नवगछिया नगर परिषद के उपसभापति प्रतिनिधि प्रमोद यादव, कार्यकारिणी सदस्य नरेश केडिया, डॉ. अनंत विक्रम, पंकज टिंबरेवाल, जगतपुर की मुखिया सोनी भारती, मुखिया प्रतिनिधि प्रदीप यादव, सेवानिवृत्त एडीएम जयशंकर मंडल, क्लीन नवगछिया और ग्रीन नवगछिया के अध्यक्ष चंद्रगुप्त साह और नगर के कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
समारोह के समापन पर बाल भारती पोस्ट ऑफिस के प्राचार्य कौशल किशोर जायसवाल ने सभी का धन्यवाद ज्ञापन किया और इस शानदार आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

