


भागलपुर: भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एक अनोखा और खुशी से भरा पल तब देखने को मिला जब लक्ष्मी देवी नामक महिला ने एक साथ तीन स्वस्थ बच्चों को जन्म दिया। इसे कुदरत का करिश्मा कहें या लक्ष्मी देवी की किस्मत, जिनकी शादी के सात साल बाद आखिरकार आठवें साल में उनकी गोद भर गई।

लक्ष्मी देवी, जो ममलखा की निवासी हैं, ने दो बेटे और एक बेटी को जन्म दिया। मां और तीनों बच्चे स्वस्थ हैं, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है। लक्ष्मी की शादी 2016 में झारखंड के साहेबगंज के राम कुमार से हुई थी। शादी के कई साल बाद भी संतान न होने के कारण मायके वालों ने कई अस्पतालों में जांच करवाई, लेकिन आखिरकार भगवान की मिन्नतें रंग लाई और लक्ष्मी के घर में एक साथ तीन बच्चों की किलकारी गूंजी।
लक्ष्मी के पति राम कुमार बेंगलुरू में मजदूरी करते हैं, और घरवालों ने दोनों बेटों का नाम लव और कुश तथा बेटी का नाम रानी रखा है। तीनों बच्चे काफी स्वस्थ और सुंदर हैं, जिससे परिवार में उत्सव का माहौल है।

