


भागलपुर में महिलाओं की सुरक्षा और सुविधाजनक सफर के लिए राज्य सरकार ने पिंक बस सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। अप्रैल महीने से सिल्क सिटी की सड़कों पर ये बसें दौड़ने लगेंगी। महिलाओं को सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक 20 से 25 किलोमीटर के दायरे में पिंक बस की सुविधा मिलेगी।

इस खास बस सेवा में चालक से लेकर पूरा स्टाफ महिलाएं होंगी, जिससे महिलाओं को यात्रा के दौरान सुरक्षा और आराम का अनुभव मिलेगा। पिंक बस सेवा के लिए महिला स्टाफ को प्रशिक्षित करने का काम भी शुरू हो गया है। इस योजना को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन और रेलवे प्रशासन का सहयोग लिया जा रहा है।

महिलाओं ने सरकार के इस फैसले का स्वागत किया है। स्थानीय निवासी बबीता कुमारी और नीलम देवी ने कहा कि पिंक बस सेवा से महिलाओं को यात्रा के दौरान सुरक्षा और सहूलियत मिलेगी।