


नवगछिया: नमामि गंगे योजना के अंतर्गत भागलपुर वन प्रमंडल के नवगछिया वन प्रक्षेत्र में लगाए गए पौधों की जांच शनिवार को उच्च अधिकारियों द्वारा की गई। जांच टीम में प्रधान मुख्य वन संरक्षक (असम सेवानिवृत्त) देव प्रकाश बंखवाल, अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक सह निदेशक हरियाली मिशन (पटना) अभय कुमार द्विवेदी, भागलपुर वन प्रमंडल पदाधिकारी श्वेता सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

अधिकारियों ने नवगछिया वन प्रक्षेत्र के विभिन्न पौधरोपण क्षेत्रों का दौरा कर योजना के तहत लगाए गए पौधों की स्थिति और देखभाल का निरीक्षण किया। इस दौरान कहलगांव वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी रूपम सिंह, नवगछिया वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी पीएन सिंह, भागलपुर वनपाल सुभाष यादव और नवगछिया वनपाल धीरेंद्र कुमार ठाकुर ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

टीम ने पौधों की स्थिति, उनकी सुरक्षा और देखभाल के लिए अपनाए जा रहे उपायों का गहन अध्ययन किया। इसके साथ ही किसानों और स्थानीय नर्सरी संचालकों से भी संवाद किया गया। जांच के दौरान किसान नर्सरी संचालक सौरभ कुमार, वनरक्षी अमन कुमार और श्याम ठाकुर भी उपस्थित रहे।
इस निरीक्षण का उद्देश्य योजना के तहत किए गए कार्यों की प्रगति और पौधों के रखरखाव में सुधार लाना है। अधिकारियों ने इस दिशा में और बेहतर कार्य के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए।
