

भागलपुर के नवगछिया में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। महज पाँच दिन पहले मंत्री नित्यानंद राय के भांजे विश्वजीत और जयजीत के बीच जमीन विवाद को लेकर गोलीबारी हुई थी। अब एक बार फिर नगर परिषद नवगछिया के वार्ड नंबर 6 सिमरा में पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर गोली चलने की घटना सामने आई है।
घटना सोमवार, 24 मार्च की रात करीब 8:30 बजे की है। अपराधियों ने वार्ड नंबर 6 की वार्ड पार्षद पूनम देवी के प्रतिनिधि (पुत्र) बबलू झा को निशाना बनाया। अपराधियों ने उन्हें पीछे से गोली मारी, जो उनकी पीठ में लगी। गोली लगने के बाद बबलू झा को गंभीर हालत में भागलपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर एन के यादव के क्लीनिक में उनका इलाज चल रहा है।
घायल ने बताया- बहाने से बुलाकर मारी गोली
अस्पताल में इलाज के दौरान बबलू झा ने बताया कि कुछ लोग उनसे मिलने आए और कहा कि वे भागलपुर से आए हैं और उनसे बातचीत करनी है। बातचीत के दौरान वे धीरे-धीरे उन्हें घर से बाहर ले गए और पीछे से गोली मार दी। घायल बबलू झा ने कुछ आरोपियों के नाम भी बताए, जिनमें महेश का बेटा चितरंजन, रंगरा का भगवान ठाकुर, अशोक ठाकुर और कुछ अन्य लोगों का नाम शामिल है।
पत्नी ने बताई पूरी घटना
घायल बबलू झा की पत्नी ने बताया कि उनके पति ने चाय बनाने को कहा था। चाय पीने के बाद तीन लोग मोटरसाइकिल से घर पहुंचे और विवाद सुलझाने की बात करने लगे। बातचीत के दौरान वे धीरे-धीरे उन्हें घर के बाहर ले गए और अचानक उनके पति को पीठ में गोली मारकर फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़े तो बबलू झा जमीन पर गिरे हुए थे। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए भागलपुर ले जाया गया।
पुरानी रंजिश और जमीन विवाद वजह
घायल की पत्नी ने बताया कि उनका परिवार वर्षों से जमीन विवाद को लेकर परेशान है। उन्होंने स्पष्ट रूप से अपने गोटिया चंदन झा पर आरोप लगाया और बताया कि उनके पति का चंदन झा के साथ पुराना दुश्मनी भरा विवाद चल रहा है, जो जमीन के बंटवारे को लेकर है। परिजनों ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश में उनके पति को गोली मारी गई।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कहा कि घायल के बयान और परिजनों द्वारा बताए गए नामों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
