


नवगछिया : “बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राष्ट्रगान का अपमान करने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने अनुमंडल कार्यालय परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालते हुए नारेबाजी की और अंत में मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया।

विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राजद जिलाध्यक्ष अलख निरंजन पासवान एवं वरिष्ठ नेता शैलेश कुमार यादव ने किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अब मानसिक रूप से असंतुलित हो चुके हैं, जिसका प्रमाण उनके हालिया व्यवहार से मिलता है। नेताओं ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री संवैधानिक पद पर रहते हुए लगातार अमर्यादित बयान दे रहे हैं और अब राष्ट्रगान के दौरान भी अनुशासनहीनता दिखा रहे हैं, जो बिहारवासियों का अपमान है।

राजद के जिला प्रधान महासचिव संजय कुमार मंडल एवं नेता गौतम कुमार प्रीतम ने भी मुख्यमंत्री पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा और आरएसएस की गोद में बैठकर नीतीश कुमार ने न केवल अपनी छवि धूमिल की है, बल्कि बिहार को भी शर्मसार किया है। उन्होंने कहा कि जनता इस अपमान का जवाब आगामी चुनावों में देगी।
पुतला दहन कार्यक्रम में फौजी महेश मंडल, अभिषेक लालू, नसीब रविदास, सुमन कुमार, गौरीशंकर यादव, विनोद सिंह निषाद, तनवीर बाबा, सुबोध यादव, मेही दास, छतीश यादव, ज्योतिष दास, सुनील यादव, पियूष यादव, हिमांशु यादव समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
राजद कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं करते और सार्वजनिक मंचों पर मर्यादा का पालन नहीं करते, तो प्रदेशभर में और भी बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।
