5
(2)

घर में मचा कोहराम

नवगछिया पुलिस जिला के बिहपुर प्रखंड अंतर्गत धर्मपुररत्ती पंचायत के वार्ड संख्या 08, जयरामपुर में बुधवार की दोपहर करीब तीन बजे पंखे का तार लगाने के दौरान बिजली के करंट की चपेट में आने से पिता और पुत्री की मौत हो गई। मृतक अखिलेश पंडित (55 वर्ष) और उनकी अविवाहित पुत्री रुचि कुमारी (18 वर्ष) बताए गए हैं।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, रुचि घर में झाड़ू लगाने के बाद पंखे का तार बोर्ड में लगा रही थी। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गई। पुत्री को तड़पते देख पिता अखिलेश पंडित ने बिना सोचे समझे उसे बचाने के लिए पकड़ लिया, जिससे वे भी करंट की चपेट में आ गए। 420 वोल्ट के करंट से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

शोर सुनकर घरवाले कमरे में पहुंचे और दोनों को बेहोशी की हालत में पाया। ग्रामीणों की मदद से उन्हें उठाकर बिहपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर ने मरीजों को एडमिट करने से मना कर दिया। इसके बाद दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिहपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रास्ते में ही दोनों की मृत्यु हो चुकी थी।

घटना के बाद मृतक के घर कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों को यकीन नहीं हो रहा था कि दोनों का निधन हो गया है। मृतक की पत्नी मुन्नी देवी, मां महेश्वरी देवी, दादा गणेश दत्त पंडित, पुत्र-पुत्री सहित घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी मुन्नी देवी पति एवं पुत्री के शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रो रही थी और बार-बार बेहोश हो रही थी। वृद्ध माता-पिता सुध-बुध खो बैठे हैं।

मृतक अखिलेश पंडित कई वर्षों से पंजाब में रहकर राजमिस्त्री का काम करते थे। दस दिन पूर्व ही जरूरी कार्य के लिए अखिलेश पंजाब से घर आए थे। मृतक को एक पुत्र और चार पुत्रियों में से तीन पुत्रियां विवाहित हैं। बताया जा रहा है कि मृतक रुचि के विवाह की तैयारी चल रही थी। वहीं, पुत्र अमित कुमार पटना में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। अखिलेश घर में अकेले कमाने वाले व्यक्ति थे। उनके निधन से परिवार में कई तरह की समस्याएं उत्पन्न हो गई हैं।

यह दुखद घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और परिवार की आर्थिक स्थिति भी चिंता का कारण बन गई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: