संगठन ने पूछा – सांसद बताएं ऐसा किसके आदेश पर किया गया
भागलपुर: युवा एकता सामाजिक संगठन के अध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ताओं ने रविवार को सुबह 10:30 बजे स्थानीय पार्क में बैठक कर सांसद अजय मंडल और उनके सहयोगियों द्वारा पत्रकारों के साथ की गई कथित मारपीट पर आक्रोश जताया।
संगठन के अध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय ने कहा, “विगत बुधवार को मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान एक पत्रकार पर हमला किया गया और उसका फोन छीन लिया गया। यह सरकार की असली मानसिकता का परिचायक है। किसी भी जनप्रतिनिधि द्वारा मीडिया पर इस प्रकार का हमला और असंवैधानिक टिप्पणियां लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के खिलाफ हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि यह घटना शहर के बीचोंबीच पुलिस प्रशासन के समक्ष हुई, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। संगठन ने भारत सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग की है, ताकि पत्रकारों पर हो रहे हमलों पर काबू पाया जा सके।
संगठन के सदस्योंने यह भी मांग की कि सांसद महोदय सार्वजनिक रूप से पत्रकारों से माफी मांगें और पुलिस प्रशासन दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे। अन्यथा संगठन ने सांसद के खिलाफ धरना प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान और सड़कों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने की चेतावनी दी।