4.8
(5)

मृतक की पत्नी के बयान पर बड़े भाई पर हत्या का केस दर्ज, पुलिस कर रही जांच

नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र के जगतपुर में गुरुवार की सुबह पानी को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद में गोलीबारी हो गई। इस घटना में छोटे भाई विश्वजीत उर्फ बिक्कल यादव (31) पिता रघुनंदन यादव उर्फ गुलो यादव की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, बड़ा भाई जयजीत यादव (36) गंभीर रूप से घायल है और पटना के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। गोलीबारी में दोनों की मां मीणा देवी भी घायल हो गईं, जिनके हाथ में गोली लगी है। उनका इलाज भागलपुर में चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं।

गुरुवार शाम परबत्ता पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद स्थानीय गंगा घाट पर मृतक का दाह संस्कार किया गया। मुखाग्नि मृतक के नौ वर्षीय पुत्र हैप्पी कुमार ने दी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक की पत्नी निशा आनंद, पुत्र हैप्पी, जस्सी और वृद्ध पिता रघुनंदन यादव का रो-रोकर बुरा हाल है।

संपत्ति विवाद की हो रही चर्चा

मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटा था और पिता के कृषि कार्य में हाथ बंटाता था। बड़ा भाई अमिताभ सत्यम कोलकाता में शिक्षक है, जो घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार को घर पहुंचे।

घटना के पीछे संपत्ति विवाद की बात भी सामने आ रही है, जिसे लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

घटना का विवरण

गुरुवार सुबह करीब 7 बजे घर के आंगन में नल से पानी भरने को लेकर दोनों भाइयों में झगड़ा हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों भाई अपने-अपने कमरे से पिस्टल निकालकर एक-दूसरे पर फायरिंग करने लगे। इस दौरान मां मीणा देवी बीच-बचाव करने आईं तो उन्हें भी गोली लग गई।

पुलिस की जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार और एसडीपीओ ओमप्रकाश ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में घायल जयजीत यादव से मिलकर हालचाल भी जाना। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है, लेकिन गोलीबारी में प्रयुक्त अवैध हथियार अब तक नहीं मिल सका है। पुलिस टीम हथियार की बरामदगी में जुटी हुई है।

राज्य मंत्री नित्यानंद राय पहुंचे जगतपुर

इस घटना की सूचना मिलते ही केंद्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय गुरुवार देर रात जगतपुर स्थित अपनी बहन के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार वालों से मिलकर सांत्वना दी और वृद्ध पिता को ढांढस बंधाया। इससे पहले मंत्री ने पटना के अस्पताल में इलाजरत अपने भांजे जयजीत यादव से मिलकर उसका हालचाल जाना। इसके बाद वे भागलपुर के अस्पताल में घायल बहन मीणा देवी से भी मिले।

हत्या का केस दर्ज

गुरुवार देर रात मृतक की पत्नी निशा आनंद के बयान पर परबत्ता थाना में बड़े भाई जयजीत यादव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष शंभु कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। जांचोपरांत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में सुरक्षा कड़ी

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। एहतियात के तौर पर जगतपुर में जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतते हुए तीन जगहों पर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में दर्जनों पुलिस बल तैनात किए हैं। मृतक के घर और आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4.8 / 5. Vote count: 5

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: