

सुल्तानगंज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को थाना क्षेत्र के मुंशीपट्टी गांव में छापेमारी कर दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक तस्कर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने छापेमारी के दौरान कुल 61 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद किया है।

विधि व्यवस्था डीएसपी चंद्रभूषण ने सुल्तानगंज थाना परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि एसएसपी और सिटी एसपी के निर्देश पर सुल्तानगंज थानाध्यक्ष विवेक कुमार जयसवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी कि मुंशीपट्टी गांव के मुकेश मंडल के घर में गांजा का बड़ा स्टॉक रखा गया है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने त्वरित छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही तस्कर मुकेश मंडल, विकास मंडल और सुनील मंडल गांजा के पैकेटों को छत से फेंकने लगे। पुलिस ने मुकेश मंडल के घर में छानबीन के दौरान चार पैकेट गांजा बरामद किया। पुलिस ने मौके से विकास मंडल और सुनील कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मुख्य आरोपी मुकेश मंडल फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है

डीएसपी चंद्रभूषण ने बताया कि छापेमारी अभियान में सुल्तानगंज थानाध्यक्ष विवेक कुमार जयसवाल के अलावा पुअनि शक्ति पासवान, संगम कुमारी, प्रणव प्रकाश ठाकुर, प्रमोद कुमार, शहरयार खान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। उन्होंने कहा कि छापेमारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत करने के लिए एसएसपी को अनुशंसा पत्र भेजा जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा मुक्त अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। फरार तस्कर मुकेश मंडल की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस की इस सख्ती से आम जनता ने राहत की सांस ली है।