


प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने वेतन भुगतान पर लगाया रोक
नवगछिया । उत्क्रमित माध्यमिक उच्च विद्यालय दुधेला के प्रधानाध्यापिका रिंकू कुमारी के कार्यों की जांच में बड़ी अनियमित्ता का पर्दाफाश होने के बाद जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना भागलपुर के द्वारा उन्हें निलंबित कर दिया गया है। रिंकू कुमारी का निलंबन मुख्यालय कन्या मध्य विद्यालय भ्रमरपुर नारायणपुर निर्धारित किया गया है। ज्ञात हो कि प्रधानाध्यापिका रिंकू कुमारी के निलंबन के बाद नारायणपुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के द्वारा प्रथम वरीय प्रखंड शिक्षक अरुण कुमार मंडल को विद्यालय का प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में कार्य करने हेतु अधिकृत किया गया था। वही वरीय शिक्षक अरुण कुमार मंडल ने प्रभार लेने से इंकार करते हुए अपनी हठधर्मिता, उच्चाधिकारियों के आदेश की अव्हेलना एवं स्वेच्छाचारिता का परिचय देते हुए आजतक विद्यालय का प्रभार नही लिया। जिस कारण विद्यालय के सामान्य कार्य के संचालन में बाधा उत्पन्न हुई।

उपरोक्त परिस्थिति पर सम्यक विचारोपरांत वरीय शिक्षक अरुण कुमार मंडल पर अनुशासनिक कार्यवाई की गई है। साथ ही साथ वेतन भुगतान पर रोक लगा दिया गया है। विद्यालय के द्वितीय वरीय प्रखंड शिक्षक दिनेश कुमार को विद्यालय का प्रभारी प्रधानाध्यापक (वित्तीय सहित) घोषित किया गया है। उन्हें निर्देश दिया गया है कि प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में अपने कर्त्तव्यों का निर्वहन करना प्रारंभ करेंगे। परंतु लगातार पत्र प्राप्ति के बाद भी पूर्व प्रधानाध्यापिका रिंकू कुमारी द्वारा वरीय शिक्षक दिनेश कुमार को प्रभार नही दिया जा रहा है। प्रभार नही दिए जाने के कारण विद्यालय संचालन, मिड-डे मिल योजना एवं अन्य महत्वपूर्ण कार्य मे बाधा उत्पन्न हो रही है। इधर पंचायत के मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति, वार्ड सदस्य समेत ग्रामीणों ने पुनः विद्यालय शिक्षा समिति का गठन करने की मांग प्रशासन से की है।

जनप्रतिनिधियों ने कहा, एचएम रिंकू कुमारी और विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्य मिल जुलकर भ्रष्टाचार करते हैं। विद्यालय शिक्षा समिति में जनप्रतिनिधियों को नही जोड़ा गया है। जिस कारण विद्यालय भ्रष्टाचार का शिकार है। वही मामले में वरीय शिक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि हमे रिंकू कुमारी की ओर से एचएम का प्रभार नही सौंपा गया है, इसलिए प्रभार नही लिए है।
इस बारे में नारायणपुर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी शामी अहमद ने कहा, एचएम रिंकू कुमारी के निलंबन के बाद दिनेश कुमार प्रभार में है। वे ही विद्यालय एचएम का कार्यभार संभालेंगे।
