


भागलपुर में महिलाओं को कांग्रेस पार्टी से जोड़ने के लिए नगर विधायक अजीत शर्मा के आवास पर एक नारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर की दर्जनों महिलाएं शामिल हुईं। यह कार्यक्रम कांग्रेस की महिला अध्यक्ष अल्का लम्बा के आह्वान पर आयोजित किया गया। ऑल इंडिया महिला कांग्रेस के पर्यवेक्षक सुमित मिश्रा को भागलपुर विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं को कांग्रेस पार्टी के प्रति जागरूक करने का जिम्मा सौंपा गया है।

कार्यक्रम के दौरान सुमित मिश्रा ने महिलाओं से कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा महिलाओं के अधिकारों की रक्षा करती रही है और उन्हें सशक्त बनाने का कार्य करती है। उन्होंने बताया कि आज से कई साल पहले, देश की आज़ादी के बाद महिलाओं को वोट देने का अधिकार नहीं था, लेकिन संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने महिलाओं को यह अधिकार दिलाया।

इसके अलावा, सुमित मिश्रा ने महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि महिलाओं का आर्थिक रूप से स्वावलंबी होना जरूरी है। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के लिए ज्यादा से ज्यादा महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। मिश्रा ने कहा कि हर बूथ पर महिलाओं को जोड़ने की आवश्यकता है ताकि पार्टी को चुनाव में सफलता मिल सके।
इस कार्यक्रम में जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष कोमल सृष्टि, ज्योति देवी, उषा रानी, पूनम मिश्रा, खुशबू देवी, मीना देवी, मोहिनी देवी, सविता देवी सहित अन्य महिला कार्यकर्ता भी उपस्थित थीं।
