


भागलपुर : वास-आवास की मांग को लेकर भाकपा-माले की अगुआई में गरीबों और भूमिहीनों द्वारा सोमवार से शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार को भी खरीक प्रखंड कार्यालय के समक्ष जारी रहा। इस धरने का उद्देश्य गरीबों और भूमिहीनों को वास-आवास की सुविधा दिलाना था। धरना-प्रदर्शन के दबाव में खरीक के बीडीओ ने धरना स्थल पर पहुंचकर प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की और 24 मार्च 2025 को सीओ के साथ बैठक करके गरीबों और भूमिहीनों को वास-आवास देने की प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरना में शामिल सैकड़ों महिला-पुरुष गरीबों और भूमिहीनों ने खरीक प्रखंड कार्यालय से खरीक चौक तक एनएच-31 पर जुलूस निकाला और सभा के साथ अनिश्चितकालीन धरना समाप्त किया।
कार्यक्रम का नेतृत्व भाकपा-माले के जिला सचिव बिंदेश्वरी मंडल, खरीक प्रखंड सचिव सुशील कुमार भारती, ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त, इनौस के राज्य सहसचिव गौरी शंकर राय, ऐपवा की जिला सचिव रेणु देवी और खरीक के कार्यकारी प्रखंड सचिव सत्यनारायण यादव ने किया।

धरना को सम्बोधित करते हुए भाकपा-माले के जिला सचिव बिंदेश्वरी मंडल ने कहा कि नीतीश–भा.ज.पा. शासन में कल्याणकारी और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में व्याप्त लूट और धांधली से गरीब और मजदूर पहले से ही परेशान हैं, और अब राशन कार्डधारकों की पहचान करने के नाम पर सरकारी तंत्र ने अवैध वसूली का नया तरीका बना लिया है। मंडल ने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं से गरीबों को लाभ नहीं मिल पा रहा है, जबकि सरकारी तंत्र सिर्फ भ्रष्टाचार में व्यस्त है।
मुकेश मुक्त ने कहा कि बिहार में गरीबों को उजाड़ने, उनकी ज़मीन हड़पने और ‘लैंड बैंक’ बना कर उसे विकास के नाम पर बड़े कॉर्पोरेट्स और धन्ना सेठों को सौंपने के लिए जमीन सर्वे कराया जा रहा है। इस सर्वे के परिणामस्वरूप नया भूमि संकट उत्पन्न हो गया है। इससे राज्यभर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया है और गरीबों को कागजों के अभाव में ज़मीन से बेदखली, उजाड़े जाने और सरकारी ज़मीन घोषित किए जाने का खतरा है।

गौरी शंकर राय ने कहा कि स्मार्ट मीटर के कारण बिजली की हालत और भी खराब हो गई है। बिजली कंपनियाँ स्मार्ट मीटर के जरिए जनता से जबरन एडवांस वसूली कर रही हैं और इस तरीके से करोड़ों का अवैध मुनाफा बटोर रही हैं। उन्होंने कहा कि बिजली की खपत से पहले ही जबरन अतिरिक्त राशि वसूलने से आम जनता परेशान हो रही है और स्मार्ट मीटर के नाम पर जनता को धोखा दिया जा रहा है।
धरना सभा में भाकपा-माले के जिला सचिव बिंदेश्वरी मंडल, ऐक्टू के राज्य सचिव मुकेश मुक्त, इनौस के राज्य सहसचिव गौरी शंकर राय, ऐपवा की जिला सचिव रेणु देवी, प्रखंड सचिव सुशील कुमार भारती, कार्यकारी प्रखंड सचिव सत्यनारायण यादव, प्रखंड कमिटी सदस्य श्रीमंत शर्मा, सिकंदर यादवेश, बिहारी शर्मा, रामचरित्र यादव आदि ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला कमिटी सदस्य संथालजी (फागू मंडल), विनोद मलिक, उमर शेख, मोहन यादव, सुरेन्द्र शर्मा, उर्मिला देवी, कविता देवी, चंदन यादव, सुधा देवी, निर्मला देवी, रिंकू देवी, मंजू देवी, कंचन देवी, कलावती देवी, रिंकू मुनि, वकील ऋषिदेव, सुधीर दास, संतोष दास, पिंकी देवी, रीता देवी, गायत्री देवी, निगम कुमारी, शनिचरी देवी, गुड़िया देवी, ममता कुमारी, अनीता देवी सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल थे।
